रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

4 सितम्बर 2026, जगदलपुर। बस्तर में स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों एवं लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देने और नागरिकों में स्वदेशी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले स्वदेशी मेला जगदलपुर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गत वर्ष लालबाग मैदान में आयोजित भव्य स्वदेशी मेले को मिली व्यापक सफलता के बाद इस वर्ष भी 18 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक लालबाग मैदान में स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। गत वर्ष मेले में बड़ी संख्या में स्वदेशी स्टॉल लगाए गए थे तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वदेशी उत्पादों की खरीदी-बिक्री में भाग लिया था। गत वर्ष आयोजित मेले में केंद्रीय गृह मंत्री माननीय अमित शाह जी का भी आगमन हुआ था।

इसी क्रम में आगामी मेले की तैयारियों एवं आयोजन को लेकर बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भवन में बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर अपने सुझाव साझा किए।
बैठक में सुब्रत चाकी प्रांत संपर्क प्रमुख स्वदेशी जागरण मंच एवं प्रांत मेला प्रमुख ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए मेले की रूपरेखा एवं आगामी तैयारियों की जानकारी दी। वहीं श्याम सोमानी, अध्यक्ष बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सुझाव दिया कि राज्य सरकार से चर्चा कर मेले में बिक्री योग्य स्वदेशी वस्तुओं एवं सामग्रियों को जीएसटी से छूट अथवा अन्य संभावित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जाना चाहिए।
स्वदेशी हमारी आर्थिक शक्ति और आत्मनिर्भर भारत का आधार : महापौर संजय पाण्डेय
बैठक में जगदलपुर महापौर संजय पाण्डेय एवं स्वागत समिति सचिव संजय पाण्डेय ने कहा कि स्वदेशी की भावना प्रत्येक भारतवासी के मन में होनी चाहिए। स्वदेशी केवल वस्तुओं की खरीद-बिक्री का विषय नहीं, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, राष्ट्रनिर्माण और आर्थिक सशक्तिकरण का संकल्प है। जब हम स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, महिला उद्यमियों और अपने देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देते हैं, तो उसका सीधा लाभ हमारे स्थानीय अर्थतंत्र और रोजगार को मिलता है।
उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे समृद्ध कला, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों से संपन्न क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादों की अपार संभावनाएं हैं। बस्तर की कला, हस्तशिल्प, वनोपज आधारित उत्पाद और स्थानीय उद्यमियों को देशभर के बाजार से जोड़ने की दिशा में स्वदेशी मेला महत्वपूर्ण मंच बन सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम जगदलपुर की ओर से मेले को सफल बनाने के लिए जो भी आवश्यक सहयोग संभव होगा, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि यह मेला केवल व्यापार का केंद्र न बने, बल्कि बस्तर की प्रतिभा, परंपरा और उद्यमशीलता को नई पहचान देने वाला आयोजन बने।
स्वदेशी जागरण मंच बस्तर संभाग संयोजक डॉ. राम राकेश जांगिड़ जी ने कहा कि जगदलपुर-बस्तर में गत वर्ष स्वदेशी जागरण मंच द्वारा किए गए कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर एक मिसाल के रूप में देखा गया है। इसके लिए बस्तर के नागरिक एवं स्वदेशी के सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।
बैठक में रायपुर से जी.आर. जगत (स्वदेशी पत्रिका प्रांत प्रमुख), जयेश पांचाल जी (मेला प्रबंधन प्रतिनिधि) एवं विवेक पाण्डेय जी (जिला प्रशिक्षक) भी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में डॉ. राम राकेश जांगिड़ द्वारा मेला आयोजन समिति की घोषणा की गई।
मेला संयोजक: किशोर पारीख
स्वागत समिति अध्यक्ष: श्याम सोमानी
स्वागत समिति सचिव: संजय पाण्डेय
मेला महिला कार्यप्रमुख: कल्पना शर्मा
मेला सह-संयोजक: लक्ष्मण झा एवं अनिल लुकड़
कार्यक्रम का मंच संचालन विधु शेखर झा ने किया।
आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में मेले को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां तेज की जाएंगी तथा अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों एवं स्थानीय उद्यमियों को इसमें सहभागी बनाया जाएगा।