रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 05 सितम्बर 2026/ जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बाल श्रम के विरूद्ध अभियान चलाते हुए शनिवार को शहर के सिटी ग्राउंड के सामने एक बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत हाउसिंग बोर्ड द्वारा बनाए जा रहे बहुमंजिला इमारत के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहीं आठ नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

        इस कार्रवाई का नेतृत्व मानव तस्करी निरोधक इकाई के जिला नोडल अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक चंद्रहास ने किया। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर जिला पुलिस बल, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टास्क फोर्स ने निर्माण स्थल पर औचक छापा मारा। मौके पर जोखिम भरे निर्माण कार्यों में आठ नाबालिग बालिकाएं काम करते हुए पाई गईं, जो प्राथमिक जांच के अनुसार बस्तर जिले की ही रहने वाली हैं। टास्क फोर्स ने तत्परता दिखाते हुए सभी बालिकाओं को कार्यस्थल से तत्काल मुक्त कराया और वैधानिक पुनर्वास प्रक्रिया के तहत चाइल्ड लाइन के समक्ष प्रस्तुत किया।

     इस व्यापक संयुक्त छापामार दल में श्रम विभाग से श्रम अधिकारी  भूपेंद्र नायक, श्रम निरीक्षक नमिता जॉन एवं  नितेश महंत, पुलिस विभाग से उप निरीक्षक अमित सिदार, प्रधान आरक्षक  संजय यादव एवं आरक्षक  चंदन दीवान तथा चाइल्ड लाइन से  अल्का कश्यप व कुलेश दास पंत सक्रिय रूप से शामिल रहे। प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान स्पष्ट किया है कि बाल श्रम कराने वाले संबंधित ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ बाल श्रम निषेध कानून के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply