रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

5 सितंबर 2026, जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के कालीपुर कैंपस स्थित बीएड भवन में शनिवार को साइबर जागृति अभियान के तहत अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित एएसपी सुखनंदन राठौर ने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक व जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए राठौर ने साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा तथा संदिग्ध लिंक, कॉल एवं संदेशों से सावधान रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। जागरूकता और सावधानी के माध्यम से साइबर अपराधों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
अपने उदबोधन में राठौर ने युवाओं को सकारात्मक सोचने, छोटी-छोटी असफलताओं से नहीं घबराने, मंजिल के लिए गोलपोस्ट बनाने, आगे बढ़ने के लिए लोगों से पूछने और सभी ज्ञान लेने की आवश्यकता को कई उदाहरणों के साथ बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. विनय प्रताप सिंह ने भी साइबर अपराध से बचने के उपायों तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।
यह आयोजन विवि के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित, सजग एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में किया गया। इस अवसर पर विषिष्ट अतिथि के रूप में जयराम चेरमाको एवं डॉ. तेज बहादुर चंद्रा के अतिरिक्त डॉ. प्रीति साहू एवं सुश्री इन्दु, डॉ. राकेश खरवार, डॉ. उज्ज्वल पुरी गोस्वामी, रिया रानी, आकाश शांडिल्य, डॉ. लक्ष्मण प्रसाद, डॉ. पीएन सिंह सहित बीएड के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।