रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ एवं ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ के तहत चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन

जगदलपुर, 10 सितंबर 2026। केंद्रीय संचार ब्यूरो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सद्भावना भवन बस्तर में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आज समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं पोषण के प्रति विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और आमजन को जागरूक किया गया। दूसरे दिन भी विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।




ब्रह्माकुमारी केंद्र की मंजूषा बहन जी ने नशे से बचाव में ध्यान, आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक सोच की भूमिका पर विशेष सत्र लिया। उन्होंने कहा कि मन और विचारों पर नियंत्रण रखने से व्यक्ति नकारात्मक आदतों से दूर रह सकता है। उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए ध्यान सत्र भी आयोजित किया गया।




शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बस्तर के प्राचार्य चंद्रभान मिश्रा ने कहा कि नशे की बुराई को समाप्त करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति की शुरुआत व्यक्ति स्वयं से होनी चाहिए, इसके बाद परिवार को जागरूक करते हुए समाज और अंततः राष्ट्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जिम्मेदार और सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।


विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने नशामुक्ति पर विशेष नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन का प्रभावी संदेश दिया। युवाओं की सहभागिता बढ़ाने और जागरूकता प्रसारित करने के उद्देश्य से गीत, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज, स्वस्थ जीवनशैली, पोषण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी प्रस्तुतियां दीं।


कार्यक्रम के दौरान लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का दूसरे दिन भी विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और आमजन ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में नशे के दुष्परिणाम, नशामुक्त जीवन, संतुलित आहार, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जानकारी चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से प्रदर्शित की गई।


‘राष्ट्रीय पोषण माह’ के अंतर्गत संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम स्थल पर पोषण संबंधी जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और आमजन को पोषणयुक्त आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान चित्र प्रदर्शनी, नशामुक्ति की शपथ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, ध्यान सत्र तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशामुक्ति और पोषण का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के समापन के साथ युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों एवं समाजसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply