रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 10 सितम्बर 2026/ राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा देश भर के लगभग 274 शहरों में आयोजित यूजीसी-नेट परीक्षा बस्तर जिले में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और पारदर्शी व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार जिले में चित्रकोट रोड स्थित छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीआईटी), धरमपुरा नं.-03 को इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के लिए एकमात्र केंद्र बनाया गया था, जहां प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा का सफल संचालन किया गया।

      परीक्षा के दौरान केंद्र पर उपस्थिति के आंकड़ों पर नजर डालें तो 9 सितंबर को प्रथम पाली में पंजीकृत 61 में से 38 परीक्षार्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई और 23 अनुपस्थित रहे, जबकि इसी दिन दूसरी पाली में 60 में से 47 अभ्यर्थी शामिल हुए और 13 गैरहाजिर रहे। वहीं 10 सितंबर की प्रथम पाली में कुल 51 अभ्यर्थियों में से 22 उपस्थित रहे, जिनमें एक दिव्यांग परीक्षार्थी भी शामिल था, जबकि 29 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

      परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन और केंद्र प्रबंधन द्वारा त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। परीक्षा लैब तथा सर्वर रूम में कुल 12 सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई, वहीं किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक अवांछित संचार को रोकने के लिए 3 एक्टिव सिग्नल जैमर लगाए गए थे। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 3 बायोमेट्रिक डिवाइस और जांच के लिए 4 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था, साथ ही महिला परीक्षार्थियों के लिए अलग से कवर्ड फ्रिस्किंग एरिया की सुविधा दी गई थी। तकनीकी दृष्टि से 90 कार्यशील कंप्यूटर सिस्टम, 10 प्रतिशत अतिरिक्त बैकअप सिस्टम और निर्बाध बिजली आपूर्ति हेतु जनरेटर की पुख्ता व्यवस्था रही, जिससे समूची परीक्षा बिना किसी तकनीकी बाधा के निष्पक्ष और सुव्यवस्थित वातावरण में पूरी हुई।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply