रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

13 केंद्रों पर 4275 परीक्षार्थी होंगे शामिल

जगदलपुर, 15 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत नमूना सहायक/लैब असिस्टेंट (औषधि) और लैब असिस्टेंट (खाद्य) के रिक्त पदों पर भर्ती परीक्षा रविवार 20 सितंबर को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक संचालित होगी। बस्तर जिला मुख्यालय में इस परीक्षा के सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

         जिले में उक्त परीक्षा के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 4,275 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इन केंद्रों में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा, झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-1, शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकेंडरी स्कूल, सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा, स्वामी विवेकानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल अग्रसेन चौक, स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल रेलवे कॉलोनी, धरमू माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भगत सिंह सिविल लाइन, बाल विहार हायर सेकेंडरी स्कूल और निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल लालबाग शामिल हैं। परीक्षा व्यवस्था के सुचारू क्रियान्वयन हेतु डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

प्रशासन ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से ढाई घंटे पूर्व केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है, ताकि मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से संपूर्ण जांच और कक्ष में प्रवेश पत्र व पहचान पत्र का मिलान समय पर पूरा हो सके। अभ्यर्थियों को मूल प्रवेश पत्र के साथ एक वैध मूल फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा; जिन प्रवेश पत्रों पर फोटो स्पष्ट नहीं होगी, उन्हें दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी।

परीक्षा केंद्र परिसर में सख्त ड्रेस कोड का पालन करना होगा, जिसके तहत अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट या शर्ट तथा चप्पल पहनकर ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। जूते, मोजे, बेल्ट, पर्स, स्कार्फ, टोपी, चश्मा और आभूषण पूर्णतः वर्जित रहेंगे। इसके अतिरिक्त मोबाइल फोन, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण, धागे और ताबीज केंद्र के भीतर ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply