रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 15 सितम्बर 2026 / लोहण्डीगुड़ा उसरी बेड़ा स्कूल में छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित सरस्वती सायकल योजना के तहत आज लोहण्डीगुड़ा विकासखण्ड में विकासखण्ड स्तरीय सायकल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेश कश्यप एवं विधायक विनायक गोयल शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने योजना के तहत 433 छात्राओं को सायकल का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में सायकल प्राप्त करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सायकल मिलने से छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं को सायकल प्रदान करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। सरकार द्वारा बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरस्वती सायकल योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और उन्हें आवागमन की समस्या के कारण पढ़ाई छोड़ने की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सायकल वितरण योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने के लिए सुविधा प्रदान करना और उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखना है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे इस सुविधा का सदुपयोग करते हुए नियमित रूप से विद्यालय जाएं और मेहनत एवं लगन के साथ अध्ययन कर अपने परिवार, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की प्रगति तभी संभव है, जब वहां की बेटियां शिक्षित और आत्मनिर्भर हों। शिक्षा के माध्यम से बेटियों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलता है। शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचे, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित अधिकारियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सायकल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने शासन की इस योजना के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि सायकल मिलने से विद्यालय आने-जाने में उन्हें काफी सुविधा होगी। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं के लिए यह योजना काफी उपयोगी साबित होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी , जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप , जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप , मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप , पूर्व मण्डल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर , युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष शिवनंदन पेगड़ , नरेश कापडे़ , तुलुराम कश्यप , मण्डल महामंत्री सावेन्द्र सेठिया , चन्द्रशेखर ठाकुर , भरत कश्यप, लखन ठाकुर , एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।