रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

तय समय में पूरे हों जनहित के कार्य- कलेक्टर आकाश छिकारा

कलेक्टोरेट में जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक, खंड स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े

जगदलपुर, 15 सितंबर 2026/ कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आकाश छिकारा ने विभिन्न शासकीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ तय समयावधि में पूर्ण किया जाए। उन्होंने जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन इत्यादि के आवेदन पत्रों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ  दीपेश कपिल, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त  प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर यशवंत नायक सहित जिले के सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी और जिला स्तरीय विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे, जबकि सभी विकासखंडों के तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।



         कलेक्टर ने बैठक में लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं को तय समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करें। बैठक में 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों के लिए संचालित ‘आयुष्मान वय वंदन कार्ड’ निर्माण की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर ने भारी असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कार्ड निर्माण में शून्य अथवा नाममात्र प्रगति दर्ज करने वाले विकासखंडों के खंड चिकित्सा अधिकारी तथा खंड कार्यक्रम प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि इस आयु वर्ग में स्वास्थ्य जोखिम सर्वाधिक होते हैं, इसलिए हर पात्र वृद्धजन का पंजीयन अनिवार्य है। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को मितानिनों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और पंचायत सचिवों के समन्वय से क्लस्टर शिविर लगाने तथा घर-घर जाकर ई-केवाईसी सत्यापन पूरा करने को कहा, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को भटकना न पड़े। इसके साथ ही राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम को शत प्रतिशत सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।

             समीक्षा बैठक के दौरान ग्रामीण अंचलों में 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा सेतु क्लस्टर शिविरों’ और 7 अक्टूबर को प्रस्तावित जिला स्तरीय शिविर की तैयारियों पर भी विशेष बल दिया गया। बारिश के मौसम को देखते हुए शिविर स्थलों पर वाटरप्रूफ शेड, समुचित बैठक व्यवस्था, बिजली और निर्बाध इंटरनेट के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश अनुविभागीय दंडाधिकारियों एवं जनपद सीईओ को दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्कूली विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण, आधार सत्यापन, सरस्वती साइकिल योजना, पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण में हो रहे विलंब पर नाराजगी जताई और रोस्टर बनाकर विशेष ऑपरेटर तैनात करने निर्देशित किया।

        कलेक्टर ने राजस्व एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेखों के वितरण, नक्शा प्रकाशन और नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन व जाति प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कार्यों को समय सीमा में निपटाने पर बल दिया। इसके अलावा जिले में अपूर्ण सामुदायिक व व्यक्तिगत शौचालयों, आंगनबाड़ी केन्द्र भवनों, स्कूलों के अतिरिक्त कक्षों और पीएम सूर्यघर योजना से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए 31 अक्टूबर तक की अंतिम समय-सीमा तय की गई। बैठक के अंत में कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों और मुख्य मार्गों से आवारा मवेशियों को गौधाम व गौशालाओं में रखने के निर्देश दिए। साथ ही नगरीय क्षेत्र के कांजी हाउस में भी मवेशियों को रखने पर जोर दिया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply