रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 18 सितम्बर 2026/ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मांदर स्कूल में विद्यार्थियों के लिए ‘विकसित भारत’ की थीम पर एक प्रेरणादायी ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए देश के बीते 25 वर्षों के गौरवशाली सफर और आगामी 25 वर्षों के सपनों के भारत को अपने चित्रों के जरिए जीवंत कर दिया।

प्रतियोगिता में बच्चों की प्रतिभा खुलकर सामने आई। विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, भारतीय सेना के अदम्य शौर्य, नया कश्मीर और नक्सलवाद जैसे गंभीर व सामयिक विषयों को अपनी कूची से अभिव्यक्ति दी। उन्होंने इन विषयों पर विचारोत्तेजक चित्र बनाए और देश की ऐतिहासिक उपलब्धियों, सकारात्मक बदलावों और मौजूदा चुनौतियों पर अपनी गहरी समझ भी साझा की।

बच्चों ने सपनों का भारत, विकसित भारत 2047, नक्सल मुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में भविष्य के परिदृश्य जैसे विषयों पर अपनी कल्पना के रंग भरे। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों जरिए यह स्पष्ट संदेश दिया कि वे आने वाली सदी के एक चौथाई हिस्से में भारत को एक आत्मनिर्भर, सुरक्षित और तकनीकी रूप से अग्रणी राष्ट्र के रूप में देखना चाहते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों की मौलिक सोच, रचनात्मकता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी को देश की विकास यात्रा से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनके दृष्टिकोण को मंच प्रदान करने का एक अत्यंत सशक्त माध्यम हैं।