रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 18 सितम्बर 2026/ ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों की बेटियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने तथा उनके आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में शिक्षा विभाग द्वारा सरस्वती सायकल योजना’ के अंतर्गत विकासखंड जगदलपुर के बिलौरी, जमावाड़ा और नानगुर में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में कुल 403 बालिकाओं को निःशुल्क सायकलों का वितरण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल आने वाली छात्राओं की राह आसान बनाना और बीच में ही पढ़ाई छोड़ने की समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
आयोजित कार्यक्रमों में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जनपद पंचायत जगदलपुर के अध्यक्ष पदलाम नाग ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर सहभागिता निभाई। उल्लेखनीय है कि विकासखंड के कुल 13 उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं को इस योजना से सीधा लाभ मिला है, जिसके अंतर्गत बिलौरी केंद्र में 6 स्कूलों की 186, नानगुर केंद्र में 4 स्कूलों की 139 तथा जमावाड़ा केंद्र में 3 स्कूलों की 78 बालिकाओं को सायकलों का वितरण किया गया।
इस दौरान समारोह को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने और जीवन में उच्च लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं की निरंतर भागीदारी सुनिश्चित करने में शासन की यह कल्याणकारी योजना मील का पत्थर साबित हो रही है।
इस अवसर पर स्थानीय सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, संकुल समन्वयकों, विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने भी बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। आवागमन का सुरक्षित साधन मिलने से छात्राओं और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।