1 अक्टूबर 2026, जगदलपुर ! लोहण्डीगुड़ा ग्राम पंचायत ककनार में आज समाधान सिविर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस समाधान सिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर विधायक विनायक गोयल ने क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों को राशन सामग्री एवं कंबल वितरित किए तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।समाधान सिविर के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं, दस्तावेजों, पेंशन, राशन, आवास, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि सहित अन्य विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही लोगों की समस्याओं का निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनायक गोयल ने कहा कि “सेवा सेतु अभियान और सेवा संकल्प अभियान” के माध्यम से शासन की सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि आवश्यक सेवाएं और योजनाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध हो।

उन्होंने कहा कि “हर ब्लॉक में लगेंगे सरकारी सेवाओं के कैंप, नागरिक पाएंगे हर लाभ ऑन द स्पॉट” की भावना के साथ समाधान सिविरों का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सुविधा मिल रही है।विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें राहत एवं आवश्यक शासकीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।समाधान सिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।

ककनार में आयोजित शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया, जहां ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर में जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप , जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप , पूर्व मण्डल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर , युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष शिवनंदन पेगड़ , नरेश कापडे , सतीश अग्रवाल , एवं अन्य जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply