रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

किसानों की कर्जमाफी और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता पर हुई चर्चा
1 अक्टूबर 2026, जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर निकले बस्तर सांसद महेश कश्यप को फोन कर जन्मदिन की बधाई दी और बस्तर में बाढ़ की स्थिति एवं राहत कार्यों की जानकारी ली। सांसद कश्यप ने बताया कि बाढ़ आपदा को देखते हुए जन्मदिन पर कोई आयोजन नहीं किया जा रहा है। वे प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर परिवारों से मुलाकात,राहत सामग्री वितरण और राहत शिविरों का जायजा ले रहे हैं।

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय प्रभावित लोगों के बीच रहकर उनकी मदद करना ही सबसे जरूरी है।

सांसद कश्यप ने बाढ़ से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता,ऋण राहत तथा पूर्ण एवं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता मुख्यमंत्री के समक्ष रखी,ताकि प्रभावित परिवारों को पुनर्वास एवं घरों के पुनर्निर्माण में मदद मिल सके।सांसद महेश कश्यप ने बस्तर जिले के बाढ़ से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्रों भेजापदर,आड़ावाल,पथरलीपार,धोबीगुड़ा,बेलगांव,नगरनार,करीत गांव,नारायणपाल,चकवा,रामपाल और बेलपुटी का दौरा कर जमीनी निरिक्षण किया ।

दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें और आर्थिक क्षति का मुआयना किया। सांसद ने प्रभावित क्षेत्रों में संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए तैनात मेडिकल टीमों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और हर प्रभावित व्यक्ति तक त्वरित स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सांसद महेश कश्यप ने कहा संकट की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच उपस्थित रहकर उनकी समस्याएं सुनना,राहत कार्यों की निगरानी और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने लगातार दौरे पर हूं। बस्तर के प्रत्येक प्रभावित परिवारों को संबल और सहायता देने के लिए केंद्र व राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।