6 अक्टूबर 2026, दरभा / दरभा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कड़मा में ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई पानी की टंकी में पानी का रिसाव होने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी में पानी भरने के बाद उसका रिसाव होने लगता है, जिसके कारण पर्याप्त मात्रा में पानी ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

ग्रामीणों ने टंकी के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब लाखों रुपये खर्च करके पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है, तो उसका लाभ ग्रामीणों को पर्याप्त रूप से क्यों नहीं मिल रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की जानी चाहिए तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या की जानकारी सरपंच सहित संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को पहले ही दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों में इसको लेकर काफी नाराजगी है।

ग्रामीण बामन कवासी ने कहा कि ग्रामीणों की पेयजल समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है। उन्होंने मांग की कि संबंधित पीएचई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर टंकी का तकनीकी निरीक्षण कराएं, रिसाव की समस्या को तत्काल दूर करें और निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराएं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर टंकी की जांच एवं आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को नियमित और पर्याप्त पेयजल मिल सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो वे अपने हक और पेयजल की मांग को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply