7 अक्टूबर 2026, जगदलपुर। मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है, इसी भावना को चरितार्थ करते हुए जैन दिगंबर समाज, जगदलपुर द्वारा विकासखंड बकावंड के ग्राम पंचायत कुरुषपाल में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बच्चों को शैक्षणिक सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

ग्राम के शासकीय प्राथमिक शाला तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में अध्ययनरत कुल 73 छात्र-छात्राओं को समाज की ओर से निःशुल्क पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री पाकर बच्चों में अपार उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जैन समाज के अध्यक्ष अनूप जैन ने कहा कि जैन धर्म हमेशा से शिक्षा और संस्कार को सर्वोपरि मानता है। ग्रामीण अंचल के ये बच्चे ही देश का भविष्य हैं। यदि इन्हें समय पर थोड़ा सा भी सहयोग मिल जाए तो ये बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। हमारा समाज लगातार ऐसे रचनात्मक कार्यों में लगा रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य वनवासी मौर्य ने जैन समाज के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह अन्य समाजों के लिए भी एक प्रेरणा है। जिला शिक्षा अधिकारी बलीराम बघेल एवं बीईओ चंद्रशेखर यादव ने कहा कि शासन के साथ-साथ जब समाज भी शिक्षा के लिए आगे आता है तो शिक्षा की गुणवत्ता में निश्चित रूप से सुधार होता है। इस आपदा क़ी घड़ी में मदद करने वाले सेवभावी समाज का आभार जताया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन राजेंद्र कलिहारी ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य मीना जाधव, प्रभारी प्राचार्य लुप्तेश्वर आचार्य, सरपंच शर्मीला कश्यप, सीएसी पवन समरथ, सुशांत कोर्राम, अनंत देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं शाला परिवार से शिक्षकगण रमा किरार, रूपांजना सेत, संगीता नवले, रघुनाथ कश्यप, नीलमणी साहू, सितेंद्र साहू, विमला दीवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, पालकगण एवं स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply