
डोंगाघाट और कुदाल गांव पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकानों एवं नुकसान का लिया जायजा,प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और मुआवजा देने की मांग
10 अक्टूबर 2026 , जगदलपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत अपने जगदलपुर एवं बस्तर विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान इंद्रावती नदी में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डोंगाघाट एवं कुदाल गांव में बाढ़ प्रभावित परिवारों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना तथा बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान डॉ. महंत ने प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनके क्षतिग्रस्त मकानों, घरेलू सामान एवं अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके दुख-दर्द को साझा किया। बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों को हो रही परेशानियों को देखते हुए उन्होंने संबंधित प्रशासन से राहत एवं सहायता कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

जिन परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और जिनकी आजीविका एवं घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है, उन्हें नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाना चाहिए। साथ ही प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित रहने की व्यवस्था, आवश्यक सुविधाओं और राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें इस कठिन परिस्थिति में किसी प्रकार की अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। पीड़ित नागरिकों की समस्याओं को सामने लाना और उन्हें उचित राहत एवं सहायता दिलाने के लिए प्रयास करना आवश्यक है।
बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिले, इसके लिए प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए।इस दौरे के दौरान स्थानीय नागरिकों ने बाढ़ से हुए नुकसान और अपनी समस्याओं से नेता प्रतिपक्ष को अवगत कराया। डॉ. महंत ने प्रभावित परिवारों की बातों को गंभीरता से सुना तथा उनकी समस्याओं के निराकरण और राहत उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, पीसीसी संयुक्त महामंत्री शंकर राव, राजेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।