मोतीलाल नेहरू वार्ड की बदहाल सड़क को लेकर कांग्रेस का निगम प्रशासन को सख्त चेतावनी,जनता की परेशानी दूर नहीं हुई तो कांग्रेस करेगी उग्र आंदोलन

13 अक्टूबर 2026, जगदलपुर।मोतीलाल नेहरू वार्ड अंतर्गत नयापारा की बदहाल सड़क की समस्या को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के दक्षिण मंडल अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने नगर निगम प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि सोमवार तक सड़क निर्माण कार्य हर हाल में शुरू किया जाए। निर्धारित समय सीमा तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने की स्थिति में कांग्रेस पार्टी स्थानीय नागरिकों व वार्डवासियों के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेगी।

नयापारा की सड़क की बदहाली से आम नागरिकों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है। विगत दिनों ही चक्काजाम विरोध प्रदर्शन के दौरान दिए गए आश्वासन के बाद आज पर्यंत तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है।

दक्षिण मंडल अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आती है। जनता आज भी सड़क, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है।

भाजपा सरकार का विकास केवल कागजों और प्रचार-प्रसार तक सीमित होकर रह गया है। यदि सरकार वास्तव में शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा के प्रति गंभीर है, तो उसे सबसे पहले उन समस्याओं का समाधान करना चाहिए, जिनसे आम जनता प्रतिदिन जूझ रही है। नयापारा की सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय निवासियों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। खराब सड़क से लोगों को होने वाली असुविधा को नजरअंदाज करना नागरिकों की समस्याओं के प्रति जिम्मेदार व्यवस्था की उदासीनता को दर्शाता है।

शहर के नागरिक नगर निगम को नियमित रूप से विभिन्न प्रकार के करों का भुगतान करते हैं, ऐसे में उन्हें बेहतर सड़क और सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। जनता को अपनी ही बुनियादी सुविधाओं के लिए बार-बार गुहार लगाने को मजबूर करना दुर्भाग्यपूर्ण है।दक्षिण मंडल अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने कहा इसी सड़क से न्यायालय, इसी सड़क से विधायक निवास और इसी सड़क से महापौर सहित समस्त भाजपा के जनप्रतिनिधियों का आना जाना होता है किंतु आज भाजपा की सभी नेताओं के आंख पर पट्टी बंधी हुई है कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार होने के बावजूद यदि शहर की महत्वपूर्ण सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है, तो विकास के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सरकार और नगर निगम के जिम्मेदार व वार्ड पार्षद को केवल घोषणाओं एवं उपलब्धियों के प्रचार तक सीमित रहने के बजाय धरातल पर काम करके दिखाना चाहिए। नयापारा की सड़क की समस्या कोई ऐसी समस्या नहीं है, जिसका समाधान संभव न हो। जरूरत केवल इच्छाशक्ति, जवाबदेही और समयबद्ध कार्यवाही की है।कांग्रेस पार्टी शहर जनता की समस्याओं को लेकर अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटने वाली नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम प्रशासन को सोमवार तक सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करने का अल्टीमेटम दिया है। यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे और सड़क निर्माण शुरू होने तक अपना विरोध जारी रखेंगे।

दक्षिण मंडल अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने कहा कि जनता की आवाज को न तो दबाया जा सकता है और न ही उसकी समस्याओं से मुंह मोड़कर विकास का दावा किया जा सकता है।कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों और शहर की मूलभूत सुविधाओं के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। नयापारा की सड़क का निर्माण केवल एक वार्ड की मांग नहीं,बल्कि स्थानीय नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा विषय है। प्रशासन को जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्माण कार्य शुरू करना चाहिए।नगर निगम प्रशासन से मांग की कि नयापारा सड़क निर्माण की प्रक्रिया में और देरी न करते हुए सोमवार तक कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी और नागरिकों की आवाज को मजबूती से उठाएगी।जनता को खोखले दावे नहीं, धरातल पर विकास चाहिए। नयापारा की सड़क का निर्माण शुरू कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सोमवार तक काम शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply