जगदलपुर, 17 अक्टूबर 2026/ ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अंतर्गत जगदलपुर एवं आसपास के विभिन्न शासकीय कार्यालयों तथा चिकित्सालयों में शनिवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से श्रमदान करते हुए कार्यालय परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया।संभागीय मुख्यालय जगदलपुर स्थित कमिश्नर कार्यालय बस्तर संभाग और संभागीय जनसंपर्क कार्यालय से शुरू हुए इस सफाई अभियान का दायरा शहर के प्रमुख तकनीकी और प्रशासनिक दफ्तरों तक पहुंचा।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय, कृषि विभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय और पशुधन विकास विभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय में भी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कार्यस्थलों, कमरों तथा रिकॉर्ड रूम में पुरानी फाइलों को व्यवस्थित करने के साथ-साथ समुचित साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन सुनिश्चित किया गया।

इन दफ्तरों के अलावा आम नागरिकों और पशुपालकों की निरंतर आवाजाही वाले चिकित्सा परिसरों में भी स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत जिला पशु चिकित्सालय जगदलपुर, पशु चिकित्सालय बड़े किलेपाल तथा पशु औषधालय करंजी और कुरंदी में गहन स्वच्छता अभियान संचालित हुआ।

चिकित्सालय परिसर, ओपीडी और दवा वितरण कक्षों को पूरी तरह रोगाणुमुक्त और स्वच्छ बनाया गया, ताकि यहां आने वाले लोगों को एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। अभियान के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने की शपथ ली।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply