7 विधाओं में हुनर दिखाएंगे युवा, राज्य स्तर पर मिलेगा प्रतिनिधित्व का मौका

जगदलपुर, 19 अक्टूबर 2026/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बस्तर जिले के प्रतिभावान युवाओं की कला और रचनात्मक ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का भव्य आयोजन 30 अक्टूबर 2026 को किया जा रहा है। यह आयोजन प्रातः 9 बजे से इंदिरा स्टेडियम, जगदलपुर स्थित हॉस्टल बिल्डिंग में सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय के प्रशिक्षण हॉल में प्रारंभ होगा।

जिले के विभिन्न विकासखंडों के 15 से 29 आयु वर्ग के युवा बालक और बालिकाओं के लिए यह उत्सव पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसमें प्रतिभागियों को लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, चित्रकला, पारंपरिक वेशभूषा तथा आधुनिक दौर के लोकप्रिय क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज जैसी कुल सात विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों और विजेता दलों को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, जिला स्तर के शीर्ष दो विजेताओं को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में बस्तर जिले का प्रतिनिधित्व करने का सीधा अवसर भी प्राप्त होगा। इस महोत्सव में हिस्सा लेने के इच्छुक सभी प्रतिभागियों के लिए माय भारत पोर्टल पर पूर्व पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है।

प्रतियोगिता की विधाओं, नियमों तथा पंजीयन से संबंधित किसी भी प्रकार के विस्तृत दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए इच्छुक युवा श्री प्रदीप साहू से उनके मोबाइल नंबर 9993644778 पर संपर्क कर सकते हैं।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के सभी विकासखंडों के उत्साही युवाओं से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply