
भीतर रैनी से पहले मची अफरा-तफरी, हादसे में एक व्यक्ति का पैर कटा; घटना के बाद रोका गया विजय रथ
22 अक्टूबर 2026, जगदलपुर। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा की पारंपरिक रस्म भीतर रैनी से पहले बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। आठ चक्कों वाले विशाल विजय रथ के पहिए की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल व्यक्ति का पैर कट गया, जिसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक की पहचान कोपा कश्यप (58 वर्ष), निवासी सारगुड़ , थाना कूड़ेनार क्षेत्र के रूप में बताई जा रही है। घायल का नाम सुकराम माड़वी, बड़े किलेपाल उम्र 30 वर्ष बताया जा रहा है।

विजय रथ की चपेट में आए दो लोग
जानकारी के अनुसार, बस्तर दशहरा की भीतर रैनी रस्म के तहत आठ चक्कों वाले विशाल विजय रथ को गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है। इस ऐतिहासिक परंपरा को देखने के लिए हर साल हजारों श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुटते हैं। बुधवार को भी रथ की परिक्रमा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी बीच दो व्यक्ति विजय रथ के पहियों की चपेट में आ गए। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद रोका गया विजय रथ
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए विजय रथ की गतिविधियां रोक दी गईं।
भारी भीड़ में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बस्तर दशहरा की भीतर रैनी रस्म में हर साल हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में विशाल विजय रथ की परिक्रमा के दौरान भीड़ नियंत्रण और लोगों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। इस दर्दनाक हादसे ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि घटना के कारणों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।