
नवोदय प्रवेश परीक्षा
जगदलपुर, 24 अक्टूबर 2026/ जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में जिले के बच्चों का बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा की विशेष पहल पर शनिवार को तीसरे मॉक टेस्ट का सफल आयोजन किया गया।
मेधावी विद्यार्थियों को सही दिशा और मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से प्रत्येक विकासखंड से शीर्ष 100-100 बच्चों का चयन किया गया था। इस मॉक टेस्ट में चयनित कुल 700 विद्यार्थियों में से 551 परीक्षार्थी शामिल हुए।
कलेक्टर आकाश छिकारा के प्रयासों से पूर्व में ही इन सभी मेधावी बच्चों को उत्कृष्ट तैयारी के लिए निःशुल्क अध्ययन सामग्री व पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, साथ ही वे स्वयं बच्चों से संवाद कर उनका हौसला बढ़ा रहे हैं और उनके संशय दूर करने के लिए विशेष सत्र आयोजित करवा रहे हैं।
शनिवार को अवकाश के कारण जो परीक्षार्थी केंद्र पर नहीं पहुंच सके, उनकी तैयारी प्रभावित न हो इसके लिए भी कलेक्टर के निर्देशानुसार संबंधित स्कूलों में सीधे प्रश्न-पत्र भेजकर हल कराने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि अंतिम परीक्षा से पहले हर बच्चे का समय प्रबंधन और आत्मविश्वास मजबूत हो सके।