जगदलपुर, 31 अक्टूबर 2026/ बस्तर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में निरंतर पहल किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के जगदलपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े बोदल के सरपंच एवं ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए बड़े बोदल मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य विधिवत प्रारंभ कर दिया गया है।

सुरनदवाड़ा रोड से बड़े बोदल तक जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से अत्यंत जर्जर स्थिति में था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सड़क निर्माण की गुहार लगाई थी, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए शासन ने कार्य शुरू कराने का निर्णय लिया।

   प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज 4 के अंतर्गत स्वीकृत यह सड़क परियोजना क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। योजना के तहत बस्तर जिले में कुल 235.45 किलोमीटर लंबाई की 86 सड़कों की ऐतिहासिक स्वीकृति मिली है, जिसमें बड़े बोदल का एल-139 मार्ग भी शामिल है। लगभग 192.06 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस 1.80 किलोमीटर लंबी सड़क का भूमिपूजन पूर्व में मुख्यमंत्री द्वारा किया जा चुका था।

हालांकि भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम की वजह से इसका निर्माण कार्य रुका हुआ था, लेकिन अब मौसम अनुकूल होते ही आवश्यक मशीनरी और निर्माण दल को तैनात कर काम तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस पक्की और बारहमासी सड़क के बन जाने से बड़े बोदल सहित आसपास की तमाम दूरस्थ बसाहटों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

इससे न केवल स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में सहूलियत होगी, बल्कि मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने और स्थानीय किसानों को अपनी उपज नजदीकी मंडियों तक ले जाने में भी सीधी मदद मिलेगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply