जगदलपुर, 06 नवम्बर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बस्तर जिले में भावी और युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए एक व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। जिले भर के शैक्षणिक संस्थानों में स्थापित 214 निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, शुद्ध मतदाता सूची की भूमिका और पूरी चुनावी व्यवस्था के प्रति जागरूक बनाना है।

इस पहल के तहत प्रतियोगिताओं का आयोजन त्रि-स्तरीय प्रारूप में सुनिश्चित किया गया है। पहले चरण में 2 से 7 नवंबर के दौरान स्कूल और कॉलेज स्तर पर निर्वाचन साक्षरता क्लबों के समन्वयकों द्वारा प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रत्येक विधा से शीर्ष 2 विद्यार्थियों का चयन किया जा रहा है। इसके बाद 10 से 13 नवंबर के बीच निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय के निर्देशन में विधानसभा क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी, जहाँ से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से शीर्ष 10 प्रतिभागी अगले चरण के लिए चुने जाएंगे। अंततः 16 से 18 नवंबर के मध्य जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय फाइनल राउंड का आयोजन होगा, जिसके माध्यम से जिले के शीर्ष 10 विजेताओं का अंतिम रूप से चयन किया जाएगा।

विद्यार्थियों में बौद्धिक और व्यावहारिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से विषयों का चयन भी बेहद विचारपूर्ण ढंग से किया गया है। निबंध लेखन के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ जैसे विषय रखे गए हैं, जिनके लिए स्कूल स्तर पर 500 से 800 शब्द तथा कॉलेज स्तर पर 800 से 1200 शब्दों की सीमा तय की गई है। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, वीवीपैट, मतदान की वास्तविक कार्यप्रणाली और मतगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आधारित सवाल पूछे जा रहे हैं। प्रतियोगिता का परिणाम घोषित करने और प्रमाण पत्र जारी करने का कार्य 20 नवंबर तक पूरा किया जाएगा।

इस आयोजन में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को निर्वाचन साक्षरता क्लबों द्वारा भागीदारी प्रमाण पत्र तथा विधानसभा क्षेत्र व जिला स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेरिट प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस पूरे आयोजन से बस्तर के युवाओं में लोकतंत्र के प्रति गहरी समझ और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply