
जगदलपुर 9 नवंबर 2026, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जिला बस्तर के जिला अध्यक्ष रमेश गोयल ने जगदलपुर नगर निगम एवं शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा है कि आखिर जगदलपुर में गांव के गरीब मजदूर, किसान, बेरोजगार और आदिवासी भाई-बहनों को त्योहारों के अवसर पर एक-दो दिन छोटा-मोटा व्यापार करने से क्यों रोका जाता है?क्या गांव के लोग जगदलपुर के निवासी नहीं हैं ?
क्या उन्हें रोजगार और व्यापार करने का अधिकार नहीं है ?
दीपावली और दशहरा जैसे त्योहारों पर ग्रामीण परिवार अपनी छोटी-छोटी दुकानें लगाकर कुछ आमदनी करना चाहते हैं, लेकिन नगर निगम द्वारा उन्हें व्यवस्थित जगह देने के बजाय हटाने की कार्रवाई क्यों की जाती है ?
बड़े व्यापारियों को व्यापार करने की पूरी छूट और गरीब ग्रामीणों के लिए पाबंदी क्यों ?
अभी बीते दशहरा पर्व पर भी दूर-दराज के गांवों से आए आदिवासी भाई-बहनों को उचित व्यापारिक स्थान और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।
दशहरा आयोजन पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जिन ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों की भागीदारी से यह पर्व जीवंत होता है, उनके व्यापार, बैठने और ठहरने की व्यवस्था तक नहीं की जाती। यह कैसा न्याय है?
जिला अध्यक्ष रमेश गोयल ने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन से सवाल किया है कि गरीबों के साथ ऐसा भेदभाव क्यों?
आखिर छोटे व्यापारियों को सम्मानपूर्वक व्यापार करने का अवसर कब मिलेगा?
भारतीय किसान यूनियन स्पष्ट चेतावनी देती है कि यदि नगर निगम और शासन-प्रशासन का यही रवैया जारी रहा तो गांव के किसान, मजदूर और ग्रामीण उपभोक्ता भी जगदलपुर में खरीदारी और व्यापारिक गतिविधियों के बहिष्कार सहित व्यापक आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
हमारी मांग है कि त्योहारों के दौरान ग्रामीण छोटे व्यापारियों के लिए निर्धारित स्थान, उचित बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। अन्यथा भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ग्रामीणों के रोजगार और सम्मान के अधिकार के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और नगर निगम की होगी।