किसान-तुंहर टोकन’ ऐप से प्रक्रिया शुरू

जगदलपुर, 10 नवम्बर 2026/ किसानों के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का बहुप्रतीक्षित महाअभियान आगामी 15 नवंबर से प्रारंभ होने जा रहा है, जिसको लेकर बस्तर जिला प्रशासन ने अपनी तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिले भर में स्थापित कुल 88 उपार्जन केंद्रों में यह खरीदी आगामी 15 जनवरी तक निरंतर चलेगी। दूर-दराज के अन्नदाताओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 9 नए उपार्जन केंद्र भी बनाए गए हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत मिल सके।

आधिकारिक पंजीयन आंकड़ों के अनुसार जिले में 67,538.0160 हेक्टेयर रकबे के साथ कुल 51,068 किसान पंजीकृत हैं।धान उपार्जन की संपूर्ण व्यवस्था को पारदर्शी, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन वितरण की प्रक्रिया विधिवत शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था के अंतर्गत कुल टोकनों में से 70 प्रतिशत टोकन ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि शेष 30 प्रतिशत टोकन उपार्जन केंद्रों व समितियों के माध्यम से सीधे वितरित किए जाएंगे, जिससे किसानों को घर बैठे सुविधा मिलने के साथ ही केंद्रों पर भी विकल्प उपलब्ध रहेगा।

इसके अलावा रकबे के आधार पर सीमांत किसानों को अधिकतम एक, लघु किसानों को दो तथा दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी करने की पात्रता तय की गई है।टोकन पंजीयन की यह ऑनलाइन सुविधा रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, हालांकि शनिवार, रविवार एवं अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में तौल कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।

नियमों के अनुसार टोकन जनरेट होने के उसी दिन की तौल तिथि का चयन वर्जित रहेगा। इसके साथ ही केवल उन्हीं किसानों के टोकन जारी हो सकेंगे जिनके बैंक और ऋण खाते विधिवत सत्यापित हैं, तथा टोकन में प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के तय अनुपात में प्रविष्टि दर्ज करना अनिवार्य रहेगा।

प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से तय नियमों का पालन करते हुए समय पर टोकन प्राप्त कर अपनी उपज का विक्रय सुनिश्चित करने की अपील की है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply