जगदलपुर, 11 नवम्बर 2026/ लाल आतंक के साए से उबरते हुए बस्तर अब शिक्षा और नवजागरण की एक नई सुबह का साक्षी बन रहा है। कभी माओवादी गतिविधियों के लिए चर्चित रहे इस आदिवासी अंचल में छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग की दूरगामी पहलों से जमीनी बदलाव स्पष्ट दिखने लगा है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा आगामी प्रशासनिक प्रतिवेदन हेतु संकलित किए जा रहे विवरणों में बस्तर का यह परिवर्तन एक प्रेरणादायी मॉडल के रूप में सामने आया है।

इस बदलाव की सबसे उल्लेखनीय कड़ी आत्मसमर्पित नक्सलियों का मुख्यधारा से जुड़ाव है, जिनके हाथों में कभी बंदूकें हुआ करती थीं और आज वे कलम थामकर अक्षर ज्ञान अर्जित कर रहे हैं। ‘उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत इन आत्मसमर्पित व्यक्तियों के लिए विशेष साक्षरता कक्षाएँ चलाई जा रही हैं, जबकि समय-समय पर आयोजित होने वाले ‘उल्लास मेलों’ में इनका उत्साह समाज की मुख्यधारा में नए जीवन की शुरुआत का संदेश दे रहा है।

इस शैक्षिक महाअभियान को गति देने में स्थानीय विद्यार्थी भी स्वयंसेवक के रूप में आगे आए हैं, जो दूरस्थ टोलों में ग्रामीणों को साक्षर बनाने में जुटे हैं और शासन द्वारा उनकी इस सहभागिता के लिए बोनस अंक का प्रावधान कर युवाओं को साक्षरता दूत बनने की नई प्रेरणा दी गई है।

भौगोलिक रूप से दुर्गम और वनाच्छादित क्षेत्रों में स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया है, जहाँ ‘विद्या समीक्षा केंद्र’ के माध्यम से शिक्षकों और विद्यार्थियों की ऑनलाइन रियल-टाइम उपस्थिति दर्ज की जा रही है। इस डिजिटल निगरानी से अंदरूनी क्षेत्रों के शालाओं में शिक्षकों की दैनिक उपस्थिति सुनिश्चित हुई है, जिससे प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार देखा जा रहा है।

इसके साथ ही, जिले के विद्यालयों में शिक्षकों की वर्षों पुरानी कमी को दूर करने के लिए पारदर्शी भर्ती, नियमित प्रशिक्षण, युक्तियुक्तकरण, काउंसलिंग और ऑनलाइन स्थानांतरण प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है, जिससे दूर-दराज के स्कूलों तक जरूरत के अनुसार शिक्षकों की पदस्थापना संभव हो सकी है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply