
जगदलपुर, 14 नवम्बर 2026/ जिले के विकासखंड लोहंडीगुड़ा अंतर्गत शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल मैदान उसरीबेड़ा में शुक्रवार को विकासखंड स्तरीय ‘बस्तर ओलम्पिक’ खेल प्रतियोगिता (2026-27) का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस खेल महाकुंभ में उसरीबेड़ा, अलनार, गढ़िया और मारडूम सहित विभिन्न जोन के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिका तथा महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की शुरुआत से ही मेजबान उसरीबेड़ा जोन के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।

एथलेटिक्स के जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में बालसिंह कश्यप और 400 मीटर में गुड्डू राम ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं बालिका वर्ग की 100 और 400 मीटर दौड़ में पूनम मौर्य ने बाजी मारी। सीनियर वर्ग में भी उसरीबेड़ा का शानदार प्रदर्शन जारी रहा, जहाँ पुरुष और महिला वर्ग की दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी स्पर्धाओं में यहाँ के खिलाड़ियों ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही तीरंदाजी, बैडमिंटन और कराटे के विभिन्न भार वर्गों में भी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
एकल स्पर्धाओं के साथ-साथ सामूहिक खेलों में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जूनियर बालक कबड्डी में जहाँ अलनार जोन विजेता बना, वहीं जूनियर बालिका कबड्डी तथा जूनियर बालक-बालिका खो-खो में उसरीबेड़ा जोन ने जीत दर्ज की। सीनियर पुरुष कबड्डी का खिताब गढ़िया जोन के नाम रहा, जबकि सीनियर महिला कबड्डी और पुरुष-महिला दोनों वर्गों के खो-खो में उसरीबेड़ा जोन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल के जूनियर बालक और बालिका दोनों वर्गों में उसरीबेड़ा जोन ने अपना परचम लहराया, तो सीनियर पुरुष व महिला वॉलीबॉल में मारडूम जोन विजेता रहा।
जूनियर बालक फुटबॉल स्पर्धा में चित्रकोट (वनवासी) की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए उसरीबेड़ा को पछाड़कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं सीनियर महिला रस्साकशी में उसरीबेड़ा जोन ने अलनार को हराकर बाजी मारी। प्रतियोगिता के दौरान मैदान के चारों ओर बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया।