
19236 ने कराया पंजीयन, जोन एवं ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद 232 का जिला के लिए हुआ चयन
करंदोला जोन बना ओवरऑल चैंपियन, मधोता जोन रहा द्वितीय स्थान पर
जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों के साथ किया भोजन, खेल संस्कृति को मिला बढ़ावा
जगदलपुर/बस्तर अंचल की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026 की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का ब्लॉक मुख्यालय बस्तर के लाल बहादुर शास्त्री खेल मैदान में शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में आगाज हुआ और भव्य समापन के साथ इसका समापन हुआ। अनुभागीय अधिकारी राजस्व अजय कुमार शतरंज के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीण खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बस्तर ब्लॉक से बस्तर ओलंपिक में 19236 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया और जोन एवं ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 232 विजेता प्रतिभागियों का जिले के लिए चयन हुआ। यह आंकड़ा बताता है कि ग्रामीण अंचल में खेलों के प्रति कितनी रुचि और जागरूकता बढ़ी है।

शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, जनपद अध्यक्ष श्री संतोष बघेल एवं जिला पंचायत सदस्य श्री निर्देश दीवान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। अतिथियों ने मां दंतेश्वरी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात अतिथियों ने बालक एवं बालिका वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता के लिए बस्तर ब्लॉक में 6 जोन बनाए गए थे।
भाटपाल, इच्छापुर, तुरपुरा, मधोता, करंदोला और मुंडागांव जोन के खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, रस्साकसी सहित विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। सभी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार जोश, उत्साह और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। ग्रामीण अंचल से आए खिलाड़ियों की प्रतिभा देखकर अतिथि भी काफी प्रभावित हुए।
समापन कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्री संतोष बघेल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री उदबोराम नाग, वरिष्ठ नागरिक श्री रामानंद मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं का अवलोकन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों के जोश, उत्साह और खेल कौशल की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने इन क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों के उत्साह, लगन और खेल के प्रति समर्पण की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने, अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने तथा भविष्य में जिला, संभाग एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ ही बस्तर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान एसडीएम अजय कुमार शतरंज, सीईओ सुश्री श्वेता वर्मा, चंद्रशेखर जैन, बीईओ भारती देवांगन, बीआरसी अजम्बर कोर्राम, एबीईओ सुशील तिवारी, चंद्रभान मिश्रा, संबंधित अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने बच्चों के साथ किया भोजन ब्लॉकभर से पहुंचे खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी, जहां जनपद अध्यक्ष श्री संतोष बघेल, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनीराम कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं एसडीएम श्री अजय कुमार शतरंज, जनपद सीईओ सुश्री श्वेता वर्मा सहित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और गुणवत्ता की सराहना की। इससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ गया।
करंदोला जोन रहा ओवरऑल चैंपियन, मधोता जोन दूसरे नंबर पर
सर्वाधिक पुरस्कार करंदोला के खिलाड़ियों ने हासिल किए इस ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलम्पिक प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल इवेंट्स में सर्वाधिक पुरस्कार करंदोला जोन के खिलाड़ियों ने हासिल किए और करंदोला जोन ओवरऑल चैंपियन रहा, वहीं मधोता जोन द्वितीय स्थान पर रहा। दोनों जोन के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सभी ने सराहना की।