
जिला स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका सम्मान समारोह में 27 कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सम्मानित
कुपोषण और बाल विवाह मुक्त बीजापुर बनाने का लिया संकल्प, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी दीदियों का हुआ सम्मान
बीजापुर, 17 नवंबर 2026/ जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण तथा बाल संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक भवन बीजापुर में जिला स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर विश्वदीप के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 27 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा एवं विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे सहित जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम बताया।

आंगनबाड़ी दीदियां गांव की ममता, बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव – जानकी कोरसा समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं ग्रामीण समाज में मातृत्व, सेवा और समर्पण की सच्ची मिसाल हैं। आंगनबाड़ी दीदियां गांव की ममता हैं, जो गर्भवती माताओं की देखभाल से लेकर नन्हे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं। उनका योगदान केवल शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज में जागरूकता, विश्वास और सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं विशेष महत्व रखती हैं। उनके समर्पण और मेहनत से माताओं एवं बच्चों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।*शासन और समाज के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता – नम्रता चौबे*जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शासन और समाज के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में फ्रंटलाइन योद्धा की भूमिका निभाते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, बाल संरक्षण और महिला जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं।उन्होंने कहा कि बीजापुर को कुपोषण और बाल विवाह से मुक्त बनाना हम सभी का सामूहिक लक्ष्य है।
इस लक्ष्य को प्राप्त करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।*उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आंगनबाड़ी दीदियों का हुआ सम्मान*समारोह का विशेष आकर्षण जिले की छह परियोजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान रहा। अतिथियों द्वारा कार्यकर्ताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी सेवाओं की सराहना की गई।सम्मानित कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं में भाग्यवती आइला, संजू चापा, रंजीता रेगा, सुलोचना चिड़ेम, सुमित्रा भास्कर, राजकिशोरी टोप्पो, सुमित्रा कावासी, सेवन्ती मरकाम, आशा कुड़ियामी, विजयलक्ष्मी, ललिता यादव, रेहाना खान, सुमित्रा कुडियम, सिंधू ककेम, कड़ती रामी, सरिता वासम, जानकी तेलामी, राजेश्वरी सण्ड्रा, जयश्री राजला एवं कमला कुड़ियाम सहित अन्य कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल रहीं।सम्मान प्राप्त करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के उत्साह और प्रसन्नता ने समारोह को विशेष बना दिया। यह सम्मान उनके सेवाभाव, कठिन परिश्रम और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण की पहचान बना।
कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने और बाल विवाह रोकने के अनुभव किए साझा कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यक्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार नियमित गृहभेंट, पोषण संबंधी परामर्श, परिवारों को जागरूक करने तथा सतत निगरानी के माध्यम से कुपोषित बच्चों की पोषण स्थिति में सुधार लाने में सफलता मिली।वहीं कुछ कार्यकर्ताओं ने बाल विवाह रोकथाम के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि सामुदायिक जागरूकता और परिवारों से संवाद के माध्यम से बाल विवाह रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। इन प्रेरक अनुभवों ने अन्य कार्यकर्ताओं को भी अपने दायित्वों के प्रति और अधिक सक्रियता से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
बाल विवाह मुक्त बीजापुर बनाने का लिया सामूहिक संकल्प
समारोह के दौरान बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन के लिए विशेष संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने बाल विवाह मुक्त बीजापुर बनाने की सामूहिक शपथ ली।इस अवसर पर बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति समारोह में महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति पुष्पा कुरसम, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया मंडावी, कविता कोर्राम, प्रीति अर्की, माया झाड़ी, पार्षद श्री मुकेश राठी, विक्रम दुध्दी, पुरुषोत्तम मंडावी, यशोदा पैकरा, राधा लकड़ा, जनपद पंचायत उसूर की अध्यक्ष पूर्णिमा तेलम तथा नगर पालिका बीजापुर के उपाध्यक्ष श्री चंद्रभान चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री बिस्मिता पाटले, समस्त परियोजना अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक तथा चाइल्ड लाइन, सखी केंद्र एवं नव बिहान के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री बिस्मिता पाटले ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।यह सम्मान समारोह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मनोबल को बढ़ाने के साथ ही सुपोषित, स्वस्थ, सुरक्षित और बाल विवाह मुक्त बीजापुर के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रेरक अवसर बना।