रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन – रमेश गोयल

20 नवंबर 2026, जगदलपुर। आज भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिला बस्तर के नेतृत्व में जिले के विभिन्न गांवों में व्याप्त पेयजल संकट को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग जिला बस्तर को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया गया।

भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन द्वारा पूर्व में कई बार ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को आवेदन देकर पेयजल समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन आज तक जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई।

लगातार आवेदन देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। आखिरकार परेशान होकर संगठन को जिला स्तर के उच्च अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखनी पड़ी।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से दरभा ब्लॉक के चितापुर पंचायत अंतर्गत बुडगीभाटा पारा में लंबे समय से पेयजल संकट, तोकापाल ब्लॉक की एराकोट पंचायत में ग्रामीणों को गंदा पानी पीने की मजबूरी तथा नानगुरब्लॉक के अलनार गांव में ग्रामीणों द्वारा आज भी लगभग 300 रुपये खर्च कर पानी खरीदकर पीने जैसी गंभीर समस्याओं को उठाया गया।

संगठन ने कहा कि कहीं ग्रामीण डबरी और अन्य असुरक्षित जल स्रोतों का पानी पीने को मजबूर हैं, तो कहीं अपनी मेहनत की कमाई खर्च करके पीने का पानी खरीद रहे हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। आज भी बस्तर के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो शासन-प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

जिला अध्यक्ष रमेश गोयल ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन टिकैत लगातार किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को लेकर अधिकारियों के कार्यालयों के दरवाजे खटखटा रहा है। संगठन का उद्देश्य केवल आवेदन देना नहीं, बल्कि ग्रामीणों को उनका मूलभूत अधिकार दिलाना है। यदि शीघ्र ही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रामीणों के साथ मिलकर जिला स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी PHE विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थित पदाधिकारी:संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार, जिला अध्यक्ष रमेश गोयल, जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह, मानसिंह नेताम, जिला सहसचिव प्रबीर सूत्रधार, जिला संगठन मंत्री जगन्नाथ देवांगन, तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल, मेहतर सेठिया, भकचंद सेठिया, सोनू सहित अन्य किसान साथी उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply