जगदलपुर, 26 नवम्बर 2026/ संविधान के आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्थानीय कलेक्टोरेट परिसर में आज एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीपी बघेल ने कलेक्टोरेट के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन कराया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी शासकीय सेवकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस मौके पर अपर कलेक्टर श्री बघेल ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। इसकी उद्देशिका में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के सिद्धांत प्रत्येक लोकसेवक के लिए मार्गदर्शक हैं।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे इन संवैधानिक मूल्यों को अपने दैनिक प्रशासनिक कार्यों और जनसेवा में आत्मसात करें, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। इस सामूहिक वाचन कार्यक्रम में कलेक्टोरेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply