
बस्तर के जनप्रतिनिधियों का अपमान कर खिलाड़ियों के सम्मान की बात करना भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र– राजेश चौधरी
बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की तस्वीर बैनर से गायब करना जिला प्रशासन की राजनीतिक भेदभावपूर्ण कार्यशैली का पुख्ता प्रमाण कांग्रेस की सख्त चेतावनी,
जनप्रतिनिधियों के अपमान का सिलसिला नहीं रुका तो सड़कों पर उतरकर करेगी उग्र आंदोलन
26 नवंबर 2026, जगदलपुर।नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने बस्तर ओलंपिक के आयोजन को लेकर भाजपा सरकार एवं जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने बस्तर ओलंपिक को खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बस्तर की संस्कृति एवं खेल परंपराओं को सम्मान देने का मंच बनाने के बजाय भाजपा नेताओं के प्रचार-प्रसार और राजनीतिक महिमामंडन का माध्यम बना दिया है। जिस आयोजन का उद्देश्य बस्तर के खिलाड़ियों को सम्मानजनक अवसर प्रदान करना होना चाहिए था, वह आज भाजपा नेताओं के पोस्टर और तस्वीरों से अपनी राजनीतिक पहचान बनाने का आयोजन बनकर रह गया है।
इसलिए यह कहना गलत नहीं होगा कि बस्तर ओलंपिक नहीं, बल्कि भाजपा नेताओं का पोस्टर ओलंपिक साबित हुआ है।राजेश चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर ओलंपिक के नाम पर बड़े-बड़े दावे करती है। सरकार मंचों से बस्तर के युवाओं, खिलाड़ियों और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, उन्हें सम्मान देने तथा खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की बातें करती है। लेकिन जब वास्तविकता सामने आती है तो सरकार और प्रशासन की कथनी और करनी में बड़ा अंतर दिखाई देता है।
बस्तर ओलंपिक के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए बैनरों से बस्तर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचित विधायक एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता लखेश्वर बघेल की तस्वीर गायब होना इसी मानसिकता को उजागर करता है।उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक किसी राजनीतिक दल का निजी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह पूरे बस्तर संभाग का आयोजन है। इसमें संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से स्कूली बच्चे, युवा खिलाड़ी और ग्रामीण प्रतिभाएं हिस्सा लेते हैं। ऐसे आयोजन में सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को समान सम्मान और स्थान मिलना चाहिए।
विधायक लखेश्वर बघेल केवल किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि नहीं, बल्कि बस्तर की जनता द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए जनप्रतिनिधि हैं। उनके क्षेत्र में आयोजित होने वाले संभागीय आयोजन के प्रचार बैनर से उनकी तस्वीर हटाना न केवल एक जनप्रतिनिधि का अपमान है, बल्कि उस क्षेत्र की जनता की जनभावनाओं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का भी अपमान है।राजेश चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के इशारे पर जिला प्रशासन बार-बार इस प्रकार की भेदभावपूर्ण कार्यशैली अपना रहा है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन अपनी संवैधानिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को भूलकर भाजपा के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहा है।
प्रशासन का दायित्व किसी राजनीतिक दल विशेष को खुश करना नहीं, बल्कि सभी जनप्रतिनिधियों के साथ निष्पक्षता, समानता और सम्मान का व्यवहार करना है। सरकारी आयोजन में राजनीतिक पक्षपात की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि बस्तर अपनी विशिष्ट आदिवासी संस्कृति, सामाजिक सद्भावना और आपसी भाईचारे के लिए पूरे देश में जाना जाता है। यहां के लोग राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर क्षेत्र के सम्मान और विकास के लिए एकजुट रहते हैं। लेकिन जब सरकारी आयोजनों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ राजनीतिक आधार पर भेदभाव किया जाता है, तो इससे समाज में अनावश्यक असंतोष और अलगाव की भावना पैदा होती है।
जिला प्रशासन की ऐसी कार्यशैली बस्तर की सामाजिक एकता और सद्भावना के लिए उचित नहीं है।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बस्तर ओलंपिक वास्तव में बस्तर के खिलाड़ियों और युवाओं का आयोजन है, तो फिर इसके प्रचार-प्रसार में केवल भाजपा नेताओं की तस्वीरों को प्राथमिकता क्यों दी जा रही है?
क्या बस्तर के विकास, खेल और युवाओं के सम्मान का अधिकार केवल भाजपा नेताओं तक सीमित है?
क्या विपक्ष के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को इसलिए नजरअंदाज किया जाएगा क्योंकि वे भाजपा से संबंधित नहीं हैं?
प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किसके निर्देश पर इस प्रकार के भेदभावपूर्ण बैनर और पोस्टर तैयार किए जा रहे हैं।
राजेश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी खेलों और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन का हमेशा समर्थन करती रही है। बस्तर के युवा देश और प्रदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएं, इसके लिए हर सकारात्मक पहल का स्वागत है। लेकिन खेल के नाम पर राजनीतिक भेदभाव, सरकारी संसाधनों का दलीय प्रचार के लिए इस्तेमाल और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, खेल एवं युवक कल्याण विभाग तथा आयोजन से जुड़े संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन तत्काल इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करे और सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति समान सम्मान सुनिश्चित करे।
यदि इसके बावजूद सरकारी आयोजनों में राजनीतिक पक्षपात और जनप्रतिनिधियों के अपमान का सिलसिला जारी रहा तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बस्तर ओलंपिक के नाम पर लगाए गए बैनर-पोस्टरों में यदि राजनीतिक भेदभाव जारी रहा तो कांग्रेस पार्टी उन प्रचार सामग्रियों को हटाने और उनके विरोध में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, खेल एवं युवक कल्याण विभाग तथा संबंधित विभागों की होगी।
राजेश चौधरी ने अंत में कहा कि बस्तर ओलंपिक बस्तर के खिलाड़ियों की प्रतिभा, मेहनत और सम्मान का मंच होना चाहिए, न कि भाजपा नेताओं के चेहरे चमकाने का जरिया। बस्तर की जनता अपने जनप्रतिनिधियों का अपमान और सरकारी आयोजनों का राजनीतिकरण कभी स्वीकार नहीं करेगी।