लगभग एक साल का इंतजार खत्म, कर्मचारियों के चेहरों पर दिखी खुशी

जगदलपुर, 26 नवंबर 2026/ लगभग एक साल तक लंबित रहे वेतन का भुगतान होने के बाद इन पारिश्रमिक कर्मचारियों के चेहरे पर संतोष और खुशी के साथ ही शासन के प्रति आभार भी साफ झलक रहा है। बस्तर जिले में श्रम विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायत के बाद 13 कर्मचारियों को उनके हक का एक लाख 62 हजार रुपये बकाया वेतन मिल सका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बॉबी चैधरी सहित 13 कर्मचारी क्रिस्टल इंटीग्रेटेड सर्विस लिमिटेड के माध्यम से एक चार पहिया शोरूम में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। दिसंबर 2025 का इन सभी कर्मचारियों का कुल एक लाख 62 हजार रुपये वेतन भुगतान अटका हुआ था। कर्मचारी लगातार अपने लंबित वेतन के भुगतान की मांग कर रहे थे, लेकिन कंपनी द्वारा टालमटोल किया जाता रहा, जिससे लंबे समय तक पारीश्रमिक न मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

कंपनी के टालमटोल रवैये से परेशान कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही श्रम विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण पंजीबद्ध किया, मामले की जांच की और संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर नियमानुसार बकाया वेतन चुकाने के निर्देश दिए।

श्रम विभाग की इस प्रभावी कार्रवाई के बाद बॉबी चैधरी समेत सभी 13 कर्मचारियों को कुल 1,62,000 रुपये के लंबित वेतन का भुगतान कर दिया। एक शिकायत पर लगभग एक साल से रुके वेतन के हाथ में आते ही कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और उनके चेहरों पर संतोष व खुशी के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित शासन के प्रति आभार व्यक्त करने का भाव दिखाई दे रहा है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply