जगदलपुर, 26 नवंबर 2026/ जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन 25 से 26 नवम्बर 2026 तक जिले के विभिन्न प्रमुख खेल स्थलों पर उत्साह और प्रतिस्पर्धा के माहौल में संपन्न हुआ। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम, क्रीडा परिसर धरमपुरा, खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी और सिटी ग्राउंड जगदलपुर में आयोजित इन स्पर्धाओं में 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

                प्रतियोगिता के दौरान पारंपरिक और आधुनिक खेलों में जिले के विभिन्न विकासखंडों के खिलाड़ियों ने शीर्ष स्थान हासिल किए। वॉलीबॉल के पुरुष वर्ग में लोहंडीगुडा ने प्रथम और बकावंड ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में जगदलपुर प्रथम और बस्तर द्वितीय रहा। फुटबॉल के पुरुष वर्ग में दरभा ने प्रथम तथा बस्तर ने द्वितीय स्थान पाया, वहीं महिला वर्ग में तोकापाल प्रथम और बकावंड द्वितीय रहा। हॉकी के पुरुष वर्ग में जगदलपुर प्रथम रहा और महिला वर्ग में बस्तर व जगदलपुर की टीमें शीर्ष स्थानों पर रहीं। कबड्डी के पुरुष वर्ग में बकावंड ने प्रथम और बस्तर ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में जगदलपुर प्रथम और लोहंडीगुडा द्वितीय रहा। खो-खो के पुरुष वर्ग में जगदलपुर प्रथम व बकावंड द्वितीय रहा, वहीं महिला वर्ग में लोहंडीगुडा ने प्रथम और बस्तर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रस्साकसी के महिला वर्ग में लोहंडीगुडा ने प्रथम, जगदलपुर ने द्वितीय और बकावंड ने तृतीय स्थान हासिल किया।  

      मार्शल आर्ट, भारोत्तोलन, रैकेट खेलों और तीरंदाजी में भी खिलाड़ियों का दमखम देखने को मिला। कराते व वेटलिफ्टिंग के विभिन्न भार वर्गों में जगदलपुर के खिलाड़ियों ने कई वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बास्तानार व तोकापाल के खिलाड़ियों ने भी पदक तालिका में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। बैडमिंटन के सिंगल्स और डबल्स मुकाबलों में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में जगदलपुर, तोकापाल और लोहंडीगुडा के खिलाड़ियों ने शीर्ष स्थान के लिए कड़ी टक्कर दी। वहीं तीरंदाजी के 30 मीटर और 50 मीटर व्यक्तिगत व दलीय मुकाबलों में जगदलपुर और लोहंडीगुडा के खिलाड़ियों ने प्रमुख वर्गों में पहला व दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी सटीकता का परिचय दिया।  
            इसके अलावा ऊँची कूद, लंबी कूद, रिलेरेस, 100 मीटर, 400 मीटर और 200 मीटर दौड़ के साथ-साथ गोला फेंक, तवा फेंक और भाला फेंक जैसी एथलेटिक्स स्पर्धाओं में जगदलपुर, लोहंडीगुडा, बस्तर, बकावंड, तोकापाल और बास्तानार के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना के साथ भाग लिया। इस आयोजन ने बस्तर जिले के विभिन्न विकासखंडों के खिलाड़ियों को एक साझा मंच प्रदान किया, जिससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply