रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

पूर्व सरपंच बुटकी बाई और माहरा समाज के पदाधिकारियों ने वर्तमान सरपंच पर लगाया ईसाई मतांतरितों को संरक्षण देने का आरोप
सोशल मीडिया पर विवादित वीडियो पोस्ट और अपशब्दों के इस्तेमाल को लेकर विहिप बजरंग दल ने थाना लोहण्डीगुड़ा में सौंपा ज्ञापन
22 मई 2026, जगदलपुर : चित्रकोट क्षेत्र में गत दिनों एक ईसाई मतांतरित व्यक्ति की मृत्यु के बाद उपजा विवाद अब थाने तक पहुँच गया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने चित्रकोट पंचायत के वर्तमान सरपंच व कॉंग्रेस नेता भंवर मौर्य और उनके समर्थकों के खिलाफ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए थाना लोहण्डीगुड़ा व चित्रकोट पुलिस चौकी में एफआईआर दर्ज कराने हेतु आवेदन दिया है।

माहरा समाज के युवा सिकंदर कश्यप ने कहा कि चित्रकोट क्षेत्र में एक ईसाई मतांतरित व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। मृतक के परिजनों द्वारा शव को ईसाई मुक्तिधाम ले जाने के बजाय हिंदू समाज के मुक्तिधाम में कफन दफन करने की योजना कर रहे थे। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के जिला व स्थानीय पदाधिकारी मौके पर पहुँचे। ग्रामीणों और समाज प्रमुखों की उपस्थिति में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अन्य धर्म के व्यक्ति का अंतिम संस्कार हिंदू समाज के मुक्तिधाम में नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान चित्रकोट के वर्तमान सरपंच भंवर मौर्य ने नियमों के विपरीत जाकर ईसाई मतांतरित परिवार का पक्ष लिया,जिसका स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। अंततः, प्रशासन के हस्तक्षेप और भारी विरोध के बाद मृतक के शव को जगदलपुर स्थित ईसाई कब्रिस्तान ले जाया गया।

बजरंग दल जिला सह संयोजक सनी रेली ने बताया कि मामला शांत होने के बाद, सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटने के उद्देश्य से सरपंच भंवर मौर्य के समर्थकों द्वारा एक वीडियो बनाया गया। इस वीडियो को इंस्टाग्राम आईडी ग्राम पंचायत चित्रकोट से पोस्ट किया गया, जिसमें गलत कृत्यों का विरोध करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को “गाँव का माहौल खराब करने आए बेरोजगार दल” और सरपंच को ‘शेर’ के रूप में दर्शाया गया। इस पोस्ट के नीचे सरपंच समर्थकों और युवा कांग्रेस के नेता सहित कुछ अन्य दलों के कार्यकर्ताओं द्वारा हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित और अपशब्दों का प्रयोग किया गया, जिसके स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे गए हैं।

आवेदन की प्रति 👆
पूर्व सरपंच बुटकी बाई ने वर्तमान सरपंच भंवर मौर्य पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि वे गांव की रीति नीति के खिलाफ जाकर ईसाई धर्म अपनाने वाले लोगों का खुलकर समर्थन कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है।
माहरा समाज के पदाधिकारी घनश्याम नाग ने भी इस कृत्य की निंदा करते हुए समाज की परंपराओं के साथ खिलवाड़ न करने की चेतावनी दी है।
इस दौरान अजय बघेल, नानीराम, किशोर सुर, झितरू कश्यप, कोसरु कश्यप, रुपनाथ कश्यप, लछिंद कश्यप, जनिल ठाकुर, मनीराम कावड़े, रतिराम चौहान, मानकुराम, जगत राम नाग, अनिल नाग, सिकंदर कश्यप, घनश्याम नाग, होमेश राठौर, योगेश रेली, मुन्ना बजरंगी, विवेक शुक्ला, गुड्डू, सहदेव, विनोद पटेल सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता और चित्रकोट के ग्रामवासी उपस्थित थे।
नोट –इस खबर के बाद हम दूसरे पक्ष से भी जानकारी लेकर, उस पक्ष की भी खबरें प्रकाशित करेंगे।