रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर, 20 अप्रैल 2025। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा नवमी में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन रविवार, 20 अप्रैल को किया गया। वर्ष 2025-26 के इस प्रवेश परीक्षा में जिले से 1000 से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री जी.आर. शोरी ने जानकारी दी कि कलेक्टर श्री हरिस एस. के मार्गदर्शन में इस परीक्षा हेतु कुल 1306 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया था। परीक्षा का आयोजन स्थानीय निर्मल विद्यालय परीक्षा केन्द्र में किया गया, जहां कुल 1007 परीक्षार्थी उपस्थित हुए।
परीक्षा के दौरान राज्य स्तरीय प्रेक्षक अपर संचालक श्री ए.आर. नवरंग, एवं जिला स्तरीय प्रेक्षक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री भरत कौशिक द्वारा निरीक्षण किया गया। वहीं, सहायक आयुक्त श्री जी.आर. शोरी, तहसीलदार श्री रूपेश मरकाम एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री एम.एस. भारद्वाज ने परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।