जगदलपुर, 12 मार्च 2025: होली के शुभ अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में माँ भवानी स्व सहायता समूह, बस्तर द्वारा हर्बल गुलाल और होली सामग्री का विशेष स्टॉल लगाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री हरिस एस और जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन ने स्टॉल का निरीक्षण किया और स्व सहायता समूह के सदस्यों से होली सामग्री खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार में उनकी उपलब्धता को लेकर जानकारी ली। कलेक्टर श्री हरिस एस ने कहा कि स्व सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने समूह की मेहनत और उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों की सराहना की।

जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन ने कहा कि प्राकृतिक और हर्बल उत्पादों को बढ़ावा देने से पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा और पारंपरिक त्योहारों को सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक तरीके से मनाने की प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान समूह की महिलाओं ने हर्बल गुलाल के फायदे बताए और अधिक से अधिक लोगों को इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया। स्थानीय लोगों ने भी स्टॉल पर पहुंचकर होली सामग्री खरीदी और समूह की पहल की सराहना की।

(छत्तीसगढ़ k pahat न्यूज़ के लिए विशेष रिपोर्ट)

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply