Report Rishabh Kumar

“मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने करें पहल” – कमिश्नर डोमन सिंह

जगदलपुर, 12 मार्च 2025: स्वर्गीय श्री बलीराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, डिमरापाल की स्वशासी प्रबंधकारिणी समिति की बैठक बुधवार को कमिश्नर एवं पदेन अध्यक्ष श्री डोमन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न एजेंडों पर चर्चा की गई, साथ ही पिछले बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा भी की गई।

बैठक के दौरान कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। उन्होंने ट्रॉमा यूनिट और क्रिटिकल केयर सेंटर की शीघ्र शुरुआत पर जोर दिया। साथ ही, ब्लड बैंक लाइसेंस नवीनीकरण और किलकारी योजना के तहत हॉस्पिटल में झूला घर जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपस्थित कलेक्टर श्री हरिस एस ने कहा कि चिकित्सकों के लिए वैकल्पिक आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने खेल मैदान के समतलीकरण और विकास के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए।

इसके अलावा, मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए पुलिस बल की ड्यूटी लगाने, मेडिकल कॉलेज स्टाफ के आवासीय परिसर एवं ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने पर भी निर्णय लिया गया।

आर्थिक सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए मेडिकल कॉलेज कैंपस में संचालित पंजाब नेशनल बैंक भवन और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के किराए को नियमानुसार निर्धारित करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता एवं सदस्य सचिव डॉ. प्रदीप बेक, अधीक्षक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल डॉ. टीकू सिन्हा, तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply