समिति ने अब तक नहीं सौंपी रिपोर्ट, डिप्टी सीएम बोले – बताना संभव नहीं
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पंचायत सचिवों के नियमितिकरण की उम्मीदों को एक बार फिर झटका लगा है। मंगलवार को विधानसभा में डिप्टी सीएम एवं पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि नियमितिकरण की प्रक्रिया फिलहाल अटकी हुई है।
समिति ने अब तक नहीं दी रिपोर्ट
विधानसभा में कांग्रेस विधायक कुंवर निषाद के सवाल पर डिप्टी सीएम ने बताया कि पंचायत सचिवों के नियमितिकरण को लेकर एक समिति का गठन किया गया था, जिसे 30 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी थी। लेकिन समिति ने अब तक प्रतिवेदन नहीं दिया, जिससे आगे की प्रक्रिया ठप हो गई है।
उन्होंने कहा, “जब तक समिति की रिपोर्ट नहीं मिलती, तब तक नियमितिकरण की कोई समयसीमा बताना संभव नहीं है।”
हड़ताल पर फिर गए पंचायत सचिव
सरकार के इस जवाब के बाद पंचायत सचिवों में निराशा बढ़ गई है। लंबे समय से नियमितिकरण की मांग कर रहे पंचायत सचिव एक बार फिर हड़ताल पर चले गए हैं। इससे ग्राम पंचायतों का कामकाज प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
अब सवाल उठता है कि सरकार पंचायत सचिवों की मांगों को कब तक टालती रहेगी? और क्या समिति की रिपोर्ट सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल भी है या नहीं?