रिपोर्ट –ऋषभ कुमार

13 मार्च 2026, जगदलपुर
शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, जगदलपुर में आयोजित सात दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफ.डी.पी.) के सातवें दिवस एवं समापन समारोह का आयोजन दिनांक 13 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय आंध्र प्रदेश की समाजशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रमा चटर्जी ने प्रौद्योगिकी के उपयोग द्वारा लैंगिक समानता एवं जागरूकता को बढ़ावा विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। अपने वक्तव्य में उन्होंने अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली ढंग से लैंगिक समानता की अवधारणा को स्पष्ट किया तथा बताया कि वर्तमान समय में प्रौद्योगिकी और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किस प्रकार सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए किया जा सकता है।

उन्होंने विशेष रूप से सामाजिक माध्यमों के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजकल अनेक लोग मनोरंजन और हास्य के नाम पर ऐसे सामग्री का निर्माण करते हैं, जिनसे समाज में महिलाओं एवं पुरुषों के प्रति गलत धारणाएँ उत्पन्न हो सकती हैं। अतः आवश्यक है कि प्रौद्योगिकी और सामाजिक माध्यमों का उपयोग संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ किया जाए, जिससे लैंगिक समानता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा मिल सके।
इसके पश्चात कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में समापन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में जगदलपुर नगर निगम के महापौर माननीय श्री संजय पांडे जी, नगर निगम अध्यक्ष श्री खेम सिंह देवांगन जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

तत्पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजना नाथ द्वारा अतिथियों का पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत इस सात दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉ. श्यामाचरण द्वारा कार्यक्रम की सात दिनों की गतिविधियों तथा निर्धारित उद्देश्यों की पूर्ति संबंधी संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए निर्धारित सभी उद्देश्यों की सफलतापूर्वक पूर्ति की गई तथा यह कार्यशाला शिक्षकों और प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई।
मुख्य अतिथि श्री संजय पांडे जी ने अपने उद्बोधन में लैंगिक समानता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में महिला सशक्तिकरण और समानता की परंपरा प्राचीन काल से विद्यमान रही है। उन्होंने माता जीजाबाई तथा अहिल्याबाई जैसी महान विभूतियों के उदाहरण देते हुए महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया तथा इस सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय परिवार को बधाई दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत ऑफलाइन प्रतिभागियों को महापौर श्री संजय पांडे जी के करकमलों से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. योगेन्द्र मोतीवाला द्वारा आभार प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन तहसीन सुल्ताना द्वारा किया गया।
इस प्रकार सात दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम का सातवाँ दिवस एवं समापन समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों प्रकार के प्रतिभागियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
सम्पादक –ऋषभ कुमार
मो.–6266449977