बस्तर के तीन केंद्रों में कल 1000 से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल*सुरक्षा और ड्रेस कोड के कड़े नियम लागू*
जगदलपुर, 21 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा पर्यावरण संरक्षण मंडल के अंतर्गत प्रयोगशाला सहायक एवं सैम्पलर ग्रेड-02 के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु रविवार 22 मार्च को लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।बस्तर जिले में इस महत्वपूर्ण परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। जिले में कुल 1003 परीक्षार्थी इस परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनके बैठने की व्यवस्था शहर के तीन प्रमुख महाविद्यालयों में की गई है। इनमें शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धरमपुरा और झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 360-360 परीक्षार्थी, जबकि शासकीय दन्तेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में 283 परीक्षार्थी अपनी परीक्षा देंगे।
परीक्षा की मर्यादा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन अत्यंत सख्त है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा का समय पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 01:15 बजे तक तय किया गया है, किंतु सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन की प्रक्रियाओं को देखते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम ढाई घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। व्यापम के कड़े निर्देशों के तहत, परीक्षा शुरू होने के ठीक 30 मिनट पहले यानी सुबह 10:30 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी स्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से गहन जांच की जाएगी, इसलिए अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
ड्रेस कोड को लेकर भी व्यापम ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन न करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है। परीक्षार्थियों के लिए केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और पैरों में साधारण चप्पल पहनना ही अनिवार्य है। जूतों-मोजों के साथ-साथ बेल्ट, घड़ी, धूप का चश्मा, पर्स, टोपी, स्कार्फ और किसी भी प्रकार के धात्विक आभूषण जैसे कान की बाली या झूमके पहनना पूरी तरह वर्जित रहेगा। इसके अतिरिक्त, परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल या संचार साधन ले जाना प्रतिबंधित है।
अभ्यर्थियों को अपने साथ इंटरनेट से डाउनलोड किया गया मूल प्रवेश पत्र और एक फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस) लाना अनिवार्य होगा। यदि किसी तकनीकी कारण से प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं है, तो अभ्यर्थी को अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखने होंगे। उत्तर अंकित करने के लिए केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन की अनुमति होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थी की पात्रता तत्काल समाप्त कर कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

संपादक –ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply