रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

    मनरेगा हितग्राहियों को सशक्त बना रहा आरसेटी

जगदलपुर, 04 अप्रैल 2026/ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और मनरेगा हितग्राहियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जगदलपुर के आड़ावाल स्थित भारतीय स्टेट बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे ने संस्थान का निरीक्षण कर चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान संस्थान के निदेशक श्री किरण कुमार लुगुन भी उपस्थित रहे।



      वर्तमान में संस्थान के माध्यम से ‘प्रोजेक्ट उन्नति’ के तहत मनरेगा हितग्राहियों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अंतर्गत 27 मार्च से ‘कृषि उद्यमी’ प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित है, जो 08 अप्रैल तक चलेगा। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मनरेगा से जुड़े परिवारों को आधुनिक कृषि तकनीकों और उद्यमिता के कौशल में पारंगत करना है, ताकि वे केवल मजदूरी तक सीमित न रहकर स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकें। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर श्री दुबे ने इन हितग्राहियों से सीधा संवाद किया और उनसे प्रशिक्षण की गुणवत्ता व भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

     उन्होंने हितग्राहियों के उत्साह को देख उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।उक्त संस्थान की भविष्य की रूपरेखा साझा करते हुए निदेशक श्री किरण कुमार लुगुन ने बताया कि मनरेगा हितग्राहियों और स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए इस वित्तीय वर्ष में कई प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसी कड़ी में अगले माह से ‘दो पहिया वाहन मैकेनिक’ का प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। अंत में सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे ने ‘प्रोजेक्ट उन्नति’ के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थाई आजीविका के नए स्रोत विकसित होंगे।

संपादक –ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply