रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

30 अप्रैल 2026, बकावंड/ जगदलपुर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की परीक्षा में विकासखंड बकावंड की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिला स्तरीय टॉप-20 की प्रावीण्य सूची में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैबेल की 05 छात्राओं ने शानदार अंकों के साथ अपना परचम लहराया है।
सफलता के शिखर पर जैबेल की बेटियां:
प्राप्त परिणामों के अनुसार, विद्यालय की निम्नलिखित छात्राओं ने जिले की टॉप-20 सूची में स्थान प्राप्त किया है:–
जमुना (पिता: पूरन): 93%
रवीना (पिता: छबिलाल): 92.5%
देवकी (पिता: राजमन): 91.4%
अंकिता (पिता: मनबोध): 91.4%
पुष्प लता ( पिता: पारेश्वर) 90.80%
छात्राओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक सोन सिंह बघेल के माध्यम से सभी छात्राओं को बधाई संदेश भेजकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
परिजनों को दी गई बधाई:
विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं खंड स्रोत समन्वयक ने छात्राओं की इस सफलता पर उनके घर पहुँचकर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने छात्राओं के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल की इन बेटियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है।
अधिकारियों ने विद्यालय के शैक्षणिक स्टाफ और प्राचार्य की मेहनत की भी सराहना की, जिनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने यह गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि से जैबेल क्षेत्र में खुशी की लहर है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
संपादक –ऋषभ कुमार
मो.–6266449977