रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

ग्रामीणों एवं किसानों को कृषि के संबद्ध गतिविधियों से अधिकाधिक लाभान्वित करने के दिए निर्देश
जगदलपुर, 06 मई 2026/ कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने क्षेत्र में कृषि एवं उससे जुड़ी आयमूलक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यानिकी रोपणी डोंगाघाट, कृषि विज्ञान केन्द्र कुम्हरावंड एवं कुक्कुटपालन प्रक्षेत्र जगदलपुर का निरीक्षण किया। अपने भ्रमण के दौरान उन्होंने उद्यानिकी रोपणी में तैयार विभिन्न फलदार पौधों का प्रदाय किसानों एवं ग्रामीणों को प्रदाय करने सहित विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किए जाने कहा। साथ ही कृषि विज्ञान केन्द्र में ज्यादा से ज्यादा किसानों को प्रशिक्षण देकर उन्हें उन्नत खेती किसानी एवं अन्य गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किए जाने के निर्देश दिए। वहीं कुक्कुटपालन प्रक्षेत्र में हेचिंग यूनिट, लेयर शेड, ब्रुडिंग हाउस आदि का निरीक्षण कर प्रक्षेत्र का बेहतर प्रबंधन किए जाने कहा। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि के साथ-साथ संबद्ध गतिविधियों पर विशेष फोकस कर ग्रामीणों और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए।

कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान कहा कि केवल पारंपरिक खेती पर निर्भर रहने के बजाय उद्यानिकी, पशुपालन, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इससे किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।उन्होंने उद्यानिकी रोपणी में पौध उत्पादन की गुणवत्ता और उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को बेहतर पौधे समय पर मिल सकें। वहीं कृषि विज्ञान केन्द्र में संचालित प्रशिक्षण एवं नवाचार गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इनका लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए।

कमिश्नर ने कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र के निरीक्षण के दौरान इसे आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए ग्रामीणों को इससे जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्व-सहायता समूहों और युवा किसानों को कुक्कुटपालन एवं अन्य कृषि आधारित व्यवसायों से जोड़कर रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं। इस अवसर पर सयुंक्त संचालक कृषि श्री एमडी ध्रुव, सयुंक्त संचालक पशुपालन डॉ देवेन्द्र नेताम, उपसंचालक उद्यानिकी आकांक्षा सिन्हा सहित कृषि विज्ञान केन्द्र, पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।