रिपोर्ट –जय शंकर पांडे



जगदलपुर, 22 मई 2026/ जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायत भेजा में गुरुवार 21 मई को आयोजित जन समस्या निवारण शिविर सह सुशासन तिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की अभूतपूर्व मिसाल देखने को मिली। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में दूर-दराज से आए कुल 231 ग्रामीणों का विशेषज्ञों द्वारा सफलतापूर्वक स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक स्क्रीनिंग की गई।

इतना ही नहीं सुदूर वनांचल क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत देते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आधुनिक पोर्टेबल एक्स रे मशीन की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। इस अत्याधुनिक तकनीक का लाभ उठाते हुए रिकॉर्ड 109 व्यक्तियों का मौके पर ही एक्स-रे परीक्षण किया गया, जिससे ग्रामीणों को इस बुनियादी जांच के लिए शहर जाने की परेशानी से निजात मिली।

स्वास्थ्य क्षेत्र में मिली इस बड़ी कामयाबी के साथ-साथ शिविर में उपस्थित आमजनों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक भी किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में लोक स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करते हुए पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।

इसके साथ ही क्षेत्र को क्षय रोग से मुक्त करने की दिशा में ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत का प्रमाण पत्र भी सौंपा गया। आधुनिक चिकित्सा कैंप के साथ शुरू हुआ यह सुशासन तिहार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सराहना के बीच अत्यंत सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply