रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

विधायक विनायक गोयल ने कहा :– शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

29 मई 2026, जगदलपुर। चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के बास्तानार ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत किलेपाल में इमली पेड़ के नीचे आयोजित “सुशासन तिहार” कार्यक्रम में आज जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के साथ विकास और जनकल्याण की नई सौगातें दी गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक विनायक गोयल ने प्रधानमंत्री जनकल्याण एवं अन्य विकास योजनाओं के अंतर्गत कुल 2507.33 लाख रुपए के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के 15 पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



सुशासन तिहार कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना एवं उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों की शिकायतें एवं मांगों का त्वरित निराकरण किया गया। अधिकारियों ने लोगों को शासन की योजनाओं, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।



कार्यक्रम के दौरान विधायक विनायक गोयल ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक प्रशासनिक आयोजन नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास और संवाद का मजबूत माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।


इस अवसर पर विभिन्न हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। दिव्यांग बच्चों को ट्राई सायकल वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सहायता प्रदान की गई। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए, जिससे वे कृषि कार्यों के लिए आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें। वनाधिकार कानून के तहत पात्र हितग्राहियों को वन भूमि पट्टा प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को नए आवास की चाबी सौंपकर उनके अपने घर का सपना पूरा किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा अन्य हितग्राही सामग्रियों का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने शासन द्वारा गांव स्तर पर आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब गांव में ही समाधान मिलने से समय और संसाधनों की बचत हो रही है।

इस दौरान स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, खाद्य, वन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों को दी। अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

सुशासन तिहार कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी जी, जनपद उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी जी, विनोद कुहरामी जी, जनपद सदस्य निलम पोयाम जी, जिला मंत्री नारायण ठाकुर जी, संतोष ठाकुर जी, विमल पाण्डेय जी, बामन वेट्टी जी, कोसाराम पोयाम जी, अर्जुन पोयाम जी, सोनुराम मुचाकी जी, एवं अन्य जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply