रिपोर्ट –जय शंकर पांडे



जगदलपुर | 02 जून 2026

आज जिला मुख्यालय, जगदलपुर में पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग की गरिमामयी उपस्थिति में सेवानिवृत्त हो रहे उप निरीक्षक श्री राम प्रसाद सिंह ठाकुर एवं सहायक उप निरीक्षक (एमटी) श्री चंद्र कुमार जायसवाल के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया।



सेवा का संक्षिप्त विवरण :

उप निरीक्षक श्री राम प्रसाद सिंह ठाकुर

श्री ठाकुर ने दिनांक 21 दिसंबर 1990 को आरक्षक के रूप में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। अपने 35 वर्ष 05 माह 10 दिन के गौरवशाली सेवाकाल में उन्होंने प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक एवं उप निरीक्षक के पदों पर कार्य करते हुए विभागीय दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन किया। अपने समर्पित एवं सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें 25 नगद पुरस्कार एवं 83 प्रशंसा पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने दंतेवाड़ा, कुटरू, सुकमा, बीजापुर तथा बस्तर जैसे महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।



सहायक उप निरीक्षक (एमटी) श्री चंद्र कुमार जायसवाल

श्री जायसवाल ने दिनांक 25 जुलाई 1987 को आरक्षक चालक के रूप में पुलिस विभाग में प्रवेश किया था। लगभग 39 वर्षों के दीर्घ सेवाकाल में उन्होंने वाहन शाखा में अपनी निष्ठापूर्ण सेवाएं प्रदान करते हुए विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें उत्कृष्ट कार्यों के लिए 38 नगद पुरस्कार एवं 73 प्रशंसा पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने बिलासपुर एवं बस्तर जिले में अपनी उल्लेखनीय सेवाएं दीं तथा हाल ही में सहायक उप निरीक्षक (चालक) के पद पर पदोन्नति प्राप्त की थी।



दोनों अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी एवं समर्पण का परिचय देते हुए पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं कार्यशैली ने विभाग के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित किया है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा ने दोनों अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री संतोष जैन,उप पुलिस अधीक्षक श्री जयराम चेरमाको, उप पुलिस अधीक्षक श्री सुमित चंद्रा  सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके उज्ज्वल एवं स्वास्थ्य भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।

जिला पुलिस परिवार जगदलपुर दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की मंगलकामना करता है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply