रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

11 जून 2026, जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.654 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश के भोपाल का रहने वाला है और जगदलपुर में बस का इंतजार करते हुए गांजा परिवहन करने की तैयारी में था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बोधघाट को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि नया बस स्टैंड के पीछे आम के पेड़ के पास एक युवक दो बैगों में गांजा लेकर बिक्री एवं परिवहन के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस ने बताए गए हुलिये के आधार पर एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम शुभम प्रजापति (28 वर्ष) निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, भोपाल (मध्य प्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो बैगों में रखे 15.654 किलोग्राम गांजा, एक रियलमी कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल और 500 रुपये नकद बरामद किए गए।
आरोपी गांजा रखने एवं परिवहन करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 7 लाख 87 हजार 700 रुपये आंकी और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान,
उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग,
सहायक उपनिरीक्षक दिनेश उसेंडी,
प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग,
सुनील मनहर,
व्यास नारायण,
डोलामनी भोई
सहित थाना बोधघाट के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।