रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

15 जून 2026, बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के कसडोल क्षेत्र अंतर्गत खर्वे गांव में कथित जहरीली शराब पीने से आठ ग्रामीणों की मौत के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। ग्रामीणों के विरोध और निष्पक्ष जांच की मांग के बाद प्रशासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस, राजस्व विभाग और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में एक मृतक का शव कब्र से निकालकर जांच के लिए भेजा गया। जानकारी के अनुसार, खर्वे गांव में पिछले कुछ दिनों के भीतर आठ ग्रामीणों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि सभी मृतकों ने एक ही स्रोत से शराब का सेवन किया था। शराब पीने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और बाद में उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि शराब में किसी प्रकार का जहरीला पदार्थ मिलाया गया था।

“घटना को लेकर गांव में आक्रोश फैल गया था। मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले कसडोल थाने का घेराव कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। बढ़ते दबाव के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू की। शनिवार को एफएसएल टीम की मौजूदगी में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी खर्वे गांव पहुंचे। जेसीबी की मदद से कब्र की खुदाई कर एक शव को बाहर निकाला गया। इस शव की पहचान मैत्रु साहू के रूप में की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव और संबंधित सैंपलों को विस्तृत जांच के लिए रायपुर भेज दिया गया है।”

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply