रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

22 जून 2026, जगदलपुर। लोहण्डीगुड़ा, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नवप्रवेशी बच्चों का विद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करने के उद्देश्य से लोहण्डीगुड़ा विकासखंड के माध्यमिक शाला उसरी बेड़ा में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेश कश्यप एवं विधायक विनायक गोयल उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नन्हे विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और आनंद का वातावरण देखने को मिला। नवप्रवेशी बच्चों के चेहरे पर विद्यालय में प्रथम दिन आने की खुशी साफ झलक रही थी।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों के जीवन को नई दिशा और पहचान प्रदान करती है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की नींव रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
विधायक विनायक गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य बच्चों में विद्यालय के प्रति आत्मीयता और उत्साह का भाव विकसित करना है। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही बच्चे अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों के शानदार प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया और उनकी प्रतिभा की भरपूर सराहना की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश भी प्रस्तुत किए।
शाला प्रवेश उत्सव के अंतर्गत कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले बच्चों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, पेन तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के उत्साह और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बताया कि शाला प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना, शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा ड्रॉपआउट दर को कम करना है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करते हैं और उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप , विधायक विनायक गोयल , जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी , जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप , जनपद अध्यक्ष पदमा कश्यप , उपाध्यक्ष बसंत कश्यप , मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, सावेन्द्र सेठिया , चन्द्रशेखर ठाकुर , युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष शिवनंदन पेगड़ , भरत कश्यप , लखन ठाकुर ,अजय बघेल , घनश्याम ठाकुर , तरूण पानीग्राही , जिला शिक्षा अधिकारी बलीराम बघेल , एवं अन्य जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता गण प्यारे बच्चे शिक्षकगण उपस्थित रहे।