रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

14 जुलाई 2026, जगदलपुर। भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं केंद्रीय कार्यकारिणी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक 11 एवं 12 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित की गई। बैठक में देशभर से आए पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संगठन के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।
बैठक के दौरान हेमंत कुमार पांडे को भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ का राष्ट्रीय संगठन मंत्री निर्विरोध निर्वाचित किया गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा ग्रामीण डाक कर्मचारियों के हितों की रक्षा एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री चुने जाने पर हेमंत कुमार पांडे ने संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा ग्रामीण डाक कर्मचारियों के अधिकारों और कल्याण के लिए निरंतर कार्य करेंगे।